विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को झटका, एक के बाद एक विधायक हो रहे हैं बीजेपी में शामिल

आगामी साल 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले उत्तराखंड की राजनीति में नेताओं का एक दल छोड़ दूसरे दलों में शामिल होने का सिलसिला जारी है। जहां कुछ दिनों पहले निर्दलीय विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने भाजपा का दामन थामा था। तो वही, कांग्रेस के एक दिग्गज विधायक के बीजेपी का दामन थामने की चर्चाएं जोरों -शोरों पर है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कांग्रेस के विधायक राजकुमार दिल्ली में मौजूद हैं। जल्द ही बीजेपी का दामन थाम सकते हैं।

हालांकि, विधायक राजकुमार पहले बीजेपी में ही थे लेकिन टिकट कटने के चलते उन्होंने पिछली विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ज्वाइन कर लिया था। लेकिन एक बार फिर वह बीजेपी में दोबारा शामिल होने जा रहे हैं। बताया यह भी जा रहा है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के पुराने मित्र है। और लंबे समय से पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह से नाराज चल रहे थे जिसके चलते उन्होंने बीजेपी में वापसी का फैसला लिया है।

उत्तराखंड में सत्तारूढ़ भाजपा जल्द विपक्ष कांग्रेस को बड़ा झटका दे सकती है। सूत्रों के मुताबिक जिन तीन विधायकों के भाजपा नेताओं के संपर्क में होने का दावा किया जा रहा था, उनमें से एक कांग्रेस विधायक शनिवार को भाजपा का दामन थाम सकते हैं। हाल ही में भाजपा ने टिहरी जिले की धनोल्टी सीट से निर्दलीय विधायक प्रीतम सिंह पंवार को अपने पाले में लाकर कांग्रेस को पहला झटका दिया था। हालांकि प्रीतम निर्दलीय विधायक हैं, मगर पिछली कांग्रेस सरकार में वह मंत्री रहे हैं। इस नाते कांग्रेस को भरोसा था कि प्रीतम आगे भी साथ बने रहेंगे।

शुक्रवार को ही लैंसडौन से भाजपा विधायक दिलीप रावत ने दावा किया था कि पार्टी नेताओं के संपर्क में कांग्रेस समेत कुल तीन विधायक हैं, जिन्हें जल्द भाजपा में शामिल किया जाएगा। सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस के एक विधायक शनिवार को दिल्ली में वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर सकते हैं। ये विधायक गढ़वाल मंडल से बताए जा रहे हैं और इससे पहले भी विधायक रह चुके हैं। सूत्रों का कहना है कि गढ़वाल मंडल के कांग्रेस समेत दो पूर्व विधायकों से भाजपा का लगातार संपर्क बना हुआ है।

इसके अलावा कुमाऊं मंडल से दो युवा चेहरों पर भी भाजपा की नजर है। साफ है कि आने वाले दिनों में कांग्रेस की कोशिश भी रहेगी कि वह इसी तर्ज पर भाजपा को जवाब दे। अब इसमें कांग्रेस को कितनी कामयाबी मिल पाती है, देखना दिलचस्प होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!
Powered & Designed By Dhiraj Pundir 7351714678