हिमालय पुत्र के नाम से प्रसिद्ध सुंदरलाल बहुगुणा को दिल्ली में सम्मान, दिल्ली विधानसभा में लगाया गया शिलापट्ट

उत्तराखंड राज्य में आगामी साल 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए सभी पार्टियां दमखम से रणनीतियां बनाने में जुटी हुई है तो वही आम आदमी पार्टी ने चुनाव से पहले एक बड़ा मास्टर स्ट्रोक खेला है। जी हां, दिल्ली विधानसभा परिसर में मशहूर पर्यावरणविद और पद्म विभूषित सुंदरलाल बहुगुणा का शिलापट्ट लगाया गया है। जिसका अनावरण गुरुवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने किया है। हालांकि, इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार से सुंदरलाल बहुगुणा को भारत रत्न देने की भी मांग की। साथ ही सीएम केजरीवाल ने सुंदरलाल बहुगुणा को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके परिजनों को सम्मान राशि का चेक भी भेंट की।

दरअसल, पद्म विभूषण से सम्मानित मशहूर पर्यावरणविद और चिपको आंदोलन के प्रणेता सुंदरलाल बहुगुणा की स्मृति को संजोने के लिए दिल्ली विधानसभा परिसर में शिलापट्ट (पोर्ट्रेट) लगाई गई है। अनावरण मौके पर सुंदरलाल बहुगुणा के दोनों पुत्र, पुत्रवधू और अन्य परिजन भी मौजूद रहे। दिल्ली के मुख्यमंत्री ने सुंदरलाल बहुगुणा के परिजनों का स्वागत कर सम्मान स्वरूप एक लाख रुपए की राशि का चेक प्रदान किया। वहीं, सुंदरलाल बहुगुणा के पुत्र राजीव बहुगुणा ने अपने पिता को मिले सम्मान के लिए दिल्ली विधानसभा और मुख्यमंत्री केजरीवाल का आभार जताया।

राजीव नयन बहुगुणा ने अरविंद केजरीवाल के आंदोलन के दिनों का जिक्र करते हुए कहा कि एक आंदोलनकारी ने आंदोलनकारी को पहचाना है और उन्हें सम्मान मिल रहा है. साथ ही कहा कि अरविंद केजरीवाल उनके आंदोलनकारियों के कैडर के हैं और अभी वे राजनीति में डेपुटेशन पर हैं। इतना ही नहीं उन्होंने ये तक कहा कि आम आदमी पार्टी भ्रष्ट राजनीति को ठीक करने वाली वैक्सीन है।

वहीं, मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आज दिल्ली विधानसभा खुद को सम्मानित महसूस कर रही है। एक ऐसे व्यक्ति का सम्मान करके जिन्होंने पूरे जीवन काल में देश को राह दिखाई है। केंद्र सरकार से मांग है कि सुंदरलाल बहुगुणा को भारत रत्न से सम्मानित करें। इसे लेकर वो प्रधानमंत्री मोदी को चिट्ठी भी लिखेंगे। उन्होंने कहा कि सुंदरलाल बहुगुणा देश के लिए एक बड़ी विभूति थे और उन पर केवल देश को ही नहीं पूरी दुनिया को गर्व है, ऐसे में उनका यह सम्मान जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!
Powered & Designed By Dhiraj Pundir 7351714678